सरायकेला: जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क पर अवैध पार्किंग के कारण होने वाली परेशानी को रोकने के लिए परिवहन विभाग ने मंगलवार को औचक निरीक्षण अभियान चलाया. उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद के नेतृत्व में मोटरयान निरीक्षक ने विभिन्न स्थानों पर अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की.


अभियान के दौरान सरायकेला- राजनगर बाईपास मार्ग, कोलाबीरा स्थित आरकेएफएल के समीप तथा सरायकेला क्षेत्र के अन्य स्थानों पर नो- पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने और सड़क किनारे अवैध रूप से पार्किंग करने वाले वाहनों की जांच की गई.
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया. विशेष रूप से भारी वाहन चालकों को सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की कड़ी हिदायत दी गई.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध पार्किंग के कारण यातायात बाधित होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ती है. ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क पर अनावश्यक जाम की स्थिति रोकने के लिए नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने की बात कही गई है.

