सरायकेला: जिले में संभावित भारी बारिश और अत्यधिक वर्षापात को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क एवं सक्रिय रहते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.


भारी बारिश के कारण नदियों, डैम, तालाबों और अन्य जलाशयों का जलस्तर बढ़ने, जलजमाव, तेज जल प्रवाह और बाढ़ की आशंका को देखते हुए संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया है. आवश्यकता के अनुसार चेतावनी और सावधानी संबंधी बोर्ड लगाने के साथ स्थानीय स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है.
उपायुक्त ने जलस्तर, तटबंधों, पुल-पुलिया, जलजमाव और आवागमन की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. जरूरत पड़ने पर अंचल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित कर संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों की ड्यूटी निर्धारित करने को भी कहा गया है.
ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों, चौकीदारों और अन्य स्थानीय कर्मियों के माध्यम से संवेदनशील इलाकों में लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया है. खासकर नदियों, डैम, तालाब और तेज बहाव वाले स्थानों पर नहीं जाने तथा जलजमाव वाले रास्तों से आवागमन नहीं करने की अपील करने को कहा गया है.
जिला प्रशासन ने आम लोगों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, जलजमाव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा बच्चों को ऐसे स्थानों पर नहीं जाने देने की अपील की है. प्रशासन ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है.
प्रशासन के अनुसार संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां और निगरानी की जा रही है. किसी भी आकस्मिक स्थिति में संबंधित विभागों और बचाव दल के साथ समन्वय कर त्वरित राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

