चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले में फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौका थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें चौका थाना कांड संख्या 66/2024 में करीब दो साल से फरार चल रहा पदो सरदार उर्फ पदो भूमिज उर्फ लंगड़ा उर्फ पदो सरदार और अंडकी थाना कांड संख्या 44/2023 में करीब तीन साल से फरार गंगाधर सिंह मुंडा शामिल हैं.


मंगलवार को चौका थाना में चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस ने दोनों गिरफ्तारियों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों और विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में मिली गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई.
दो साल से फरार था पदो सरदार
पुलिस के अनुसार चौका थाना कांड संख्या 66/2024 छह दिसंबर 2024 को फागु सरदार के लिखित आवेदन पर बीएनएस की धारा 310(2) के तहत दर्ज किया गया था. मामले में कुल सात लोगों को प्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया था. पुलिस छह आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी थी, जबकि पदो सरदार लगातार फरार चल रहा था. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 18 अगस्त 2026 को छापेमारी कर पदो सरदार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
कई मामलों में दर्ज है नाम
पुलिस के अनुसार पदो सरदार का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ चौका थाना में कांड संख्या 58/2014, 24/2015, 42/2024 और 66/2024 तथा खरसावां थाना कांड संख्या 51/2012 में मामले दर्ज हैं. पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है.
अड़की थाना के मामले में तीन साल से था फरार
इसी कार्रवाई में पुलिस ने अड़की थाना कांड संख्या 44/2023 में करीब तीन वर्षों से फरार आरोपी गंगाधर सिंह मुंडा को भी गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ धारा 394 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे अंडकी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सूचना तंत्र को मजबूत किया जा रहा है और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई से फरार आरोपियों में हड़कंप की स्थिति है. कार्रवाई में चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, पुलिस पदाधिकारी प्रकाश कुमार, अरुण कुमार, शिवशंकर सिंह, दिलीप कुमार एवं अंजेश कुमार राय सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.

