आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में वार्ड 17 को वार्ड 15 से जोड़ने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति ने बारिश के मौसम में लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. लगातार हो रही बारिश और वार्ड 15 में सड़क निर्माण के लिए गिराए गए निर्माण सामग्री के कारण पानी की निकासी का रास्ता बंद हो गया है. नतीजतन बारिश का पानी सड़क पर जमा होने के साथ आसपास के घरों में घुस रहा है.


जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. घरों में पानी घुसने से लोगों में नाराजगी है. लोगों का कहना है कि समस्या सिर्फ बारिश की नहीं है, बल्कि जल निकासी की व्यवस्था बाधित होने के कारण स्थिति गंभीर हुई है. यदि पानी की निकासी का रास्ता खुला रहे तो बारिश के बाद जलजमाव की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, वार्ड 17 को वार्ड 15 से जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से निर्माण की बाट जोह रही है. सड़क निर्माण का प्रस्ताव नगर निगम को भेजे जाने की बात कही जा रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर जमीन को लेकर उत्पन्न विवाद के कारण मामला आगे नहीं बढ़ सका. बताया जाता है कि स्थानीय महतो परिवार और एक सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर द्वारा सड़क निर्माण का विरोध किए जाने के बाद प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया.
हर बारिश में जलजमाव, फिर शुरू होता है विरोध
स्थानीय पार्षद नीतू शर्मा ने कहा कि बारिश के मौसम में हर साल इसी तरह की स्थिति पैदा होती है. जलजमाव होने पर लोग विरोध करते हैं, लेकिन बारिश खत्म होते ही समस्या को लेकर आवाज उठनी बंद हो जाती है. उन्होंने कहा कि अपने स्तर से कई बार नगर निगम को समस्या से अवगत कराया गया है. पार्षद के अनुसार, नगर निगम की ओर से जमीन विवाद का हवाला देकर सड़क निर्माण से पल्ला झाड़ लिया जाता है. निगम का कहना है कि जब तक स्थानीय लोगों का समर्थन नहीं मिलता, तब तक सड़क बनाना संभव नहीं है.
सवाल सड़क का नहीं, जल निकासी का भी
फिलहाल सबसे बड़ी समस्या यह है कि सड़क निर्माण का विवाद अपनी जगह है, लेकिन जल निकासी का रास्ता बंद होने से लोगों के घरों में पानी घुस रहा है. बारिश के दौरान लोगों को अपने घर और सामान बचाने की चिंता करनी पड़ रही है.
स्थानीय लोगों की मांग है कि सड़क निर्माण का विवाद जब तक हल नहीं होता, तब तक कम से कम पानी की निकासी की तत्काल व्यवस्था की जाए. साथ ही नगर निगम जमीन विवाद का समाधान कर वर्षों से लंबित सड़क निर्माण का रास्ता साफ करे, ताकि हर बरसात में वार्ड 17 के लोगों को जलजमाव की समस्या से नहीं जूझना पड़े.

