जमशेदपुर/ सरायकेला: क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण चांडिल डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए डैम के 13 फाटक खोल दिए गए हैं. फाटक खोले जाने के बाद बड़ी मात्रा में पानी स्वर्णरेखा नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे नदी के जलस्तर में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है.


डैम से पानी छोड़े जाने के कारण स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी के तटीय और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. लगातार बारिश जारी रहने की स्थिति में आने वाले घंटों में जलस्तर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
चांडिल डैम से पानी छोड़े जाने के बाद स्वर्णरेखा नदी के आसपास रहने वाले लोगों में भी चिंता बढ़ गई है. नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.

प्रशासन की ओर से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. स्थानीय स्तर पर लोगों से नदी के किनारे जाने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की जा रही है.
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड में बारिश का दौर अभी जारी रहने वाला है. 18 अगस्त को झारखंड में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है. अगले दिनों में भी वर्षा गतिविधि बनी रहने का अनुमान है. ऐसे में यदि जमशेदपुर और इसके ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश जारी रहती है, तो नदियों के जलस्तर पर इसका सीधा असर पड़ सकता है. यही वजह है कि चांडिल डैम से पानी छोड़े जाने के साथ बारिश की स्थिति को भी गंभीरता से देखा जा रहा है.
लगातार बारिश और डैम के फाटक खोले जाने के कारण फिलहाल प्रशासन की नजर डैम के जलस्तर और स्वर्णरेखा नदी के बढ़ते जलस्तर पर बनी हुई है. लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.

