जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदाबस्ती पार्क के पास रविवार को नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.


घटना की जानकारी मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकाला. पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है.
गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन के अनुसार, प्रथम दृष्टया आशंका है कि शव कहीं से बहकर आया और नाले में आकर फंस गया, जिसके बाद वहीं रुक गया. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाने के साथ शव की पहचान कराने में लगी है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

