जमशेदपुर: मानगो नगर निगम क्षेत्र के गौड़बस्ती निवासी समाजसेवी भरत गौड़ का शनिवार को 76 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. स्वर्गीय भरत गौड़ लंबे समय से बीमार चल रहे थे और कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली.


भरत गौड़ अपने पीछे चार पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, वे बेहद सरल और मृदुभाषी स्वभाव के व्यक्ति थे. सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी और क्षेत्र के सामाजिक आयोजनों में वे बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे. उनके निधन से स्थानीय लोगों ने एक सामाजिक और मिलनसार व्यक्तित्व को खो दिया है.
भरत गौड़ के निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता आलोक प्रधान ने गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि भरत गौड़ का निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है. वे सरल स्वभाव और सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्ति थे. समाज के प्रति उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा. उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की.

