इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
बोकारो: झारखंड के बोकारो से मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली दर्दनाक घटना सामने आई है. सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद एक बेटे पर अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
मृतका की पहचान करीब 60 से 65 वर्षीय प्रमिला देवी के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, बीती रात घर में किसी बात को लेकर प्रमिला देवी और उनके 48 वर्षीय बेटे राजू कुमार के बीच विवाद हुआ था. विवाद बढ़ने पर आरोप है कि राजू कुमार ने अपनी मां के साथ लाठी-डंडे और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
मारपीट में प्रमिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल भेजा. लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं आरोपी बेटे राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है.
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अपनी मां के साथ मारपीट कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रमिला देवी को अस्पताल भेजा गया. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या के कारणों की जांच की जा रही है.
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है. मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाली इस घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है.