सरायकेला: 80वें स्वाधीनता दिवस के अवसर पर सरायकेला स्थित प्रेस भवन में प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला- खरसावां की ओर से ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया. क्लब के अध्यक्ष मनमोहन सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी.


इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, क्लब के महासचिव प्रमोद सिंह, पूर्व महासचिव रमजान अंसारी, उपाध्यक्ष सुमित सिंह, विपिन वार्ष्णेय, मधुसूदन सिंह, अनूप मिश्रा, के. दुर्गा राव, दयाल लायक, बलराम पांडा, नंदन उपाध्याय समेत कई पत्रकार मौजूद रहे.
ध्वजारोहण के बाद अध्यक्ष मनमोहन सिंह ने सभी पत्रकारों को स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में पत्रकारिता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. बदलते समय में पत्रकारिता के सामने कई चुनौतियां हैं, लेकिन पत्रकारों को दबाव और कठिन परिस्थितियों के बीच भी निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए.
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल खबर प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की आवाज को सामने लाने और व्यवस्था को जवाबदेह बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है. पत्रकारों को तथ्यों और सत्य के साथ खड़े रहते हुए अपनी विश्वसनीयता बनाए रखनी होगी.
मनमोहन सिंह ने प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला- खरसावां को पत्रकार हित के लिए समर्पित संस्था बताते हुए सभी सदस्यों से एकजुट रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हित, सम्मान और अधिकारों के लिए क्लब लगातार सक्रिय रहेगा. कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की.

