जामताड़ा: करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में शुक्रवार को एक व्यक्ति का शव उसके घर के अंदर गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान मोहनपुर गांव निवासी बीरू तुरी, पिता मानिक तुरी के रूप में हुई है.



घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी. सूचना मिलने पर थाना प्रभारी के निर्देश पर एसआई आलम अंसारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.
घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं हैं. ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर बीरू तुरी का शव फंदे से लटका मिला, वहां फंदे की ऊंचाई जमीन से काफी कम थी. इसके अलावा मृतक के शरीर पर खून के निशान मिलने की बात भी सामने आ रही है. इन परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीण आत्महत्या के साथ हत्या की आशंका भी जता रहे हैं.
बताया गया कि घटना के समय मृतक की पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी. वह किसी काम से बाहर गई हुई थी. पत्नी ने भी मामले में हत्या की आशंका जताई है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





