सरायकेला: जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया. मेले में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में रोजगार इच्छुक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया. विभिन्न कंपनियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की.


रोजगार मेले में रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड, रूंगटा माइन्स लिमिटेड, ब्राइटटेक इंडस्ट्रियल इंडिया लिमिटेड, आरुष मेटल कास्टिंग लिमिटेड, पैंथर सिक्योरिटीज, प्रवीण इंजीनियरिंग, ग्रीनटेक कंसल्टेंसी, एलआईसी, युवा शक्ति फाउंडेशन, टैलेंटनेक्सा सर्विसेज सहित कुल 19 संस्थानों ने भाग लिया.

विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया की गई. इनमें मोल्डिंग ऑपरेटर, मेल्टिंग इंजीनियर, सीएनसी ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, गैस कटर, इलेक्ट्रीशियन, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, एचआर एग्जीक्यूटिव, फोर्कलिफ्ट मशीन ऑपरेटर सहित कई पद शामिल रहे. चयन प्रक्रिया के बाद कुल 223 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया.
जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मक्सिमा लाकड़ा ने बताया कि शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को सरायकेला-खरसावां, चाईबासा और जमशेदपुर क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलेंगे. उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय द्वारा नियमित रूप से रोजगार मेला और भर्ती कैंप आयोजित किए जाते हैं.

उन्होंने रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं से आगामी रोजगार मेलों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की. उन्होंने स्पष्ट किया कि रोजगार मेला और भर्ती कैंप के माध्यम से नियोजन की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है.

