कांड्रा. सरायकेला- खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत कांड्रा थाना क्षेत्र के घुटबेड़ा गांव में सोमवार को पेड़ की बड़ी डाल गिरने से रमेश मंडल का घर क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में घर की मिट्टी की दीवार और एडवेस्टर की छत को नुकसान पहुंचा है.


घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन संयोग से किसी को चोट नहीं आई. पेड़ की डाल गिरने से घर को काफी नुकसान पहुंचा. घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
सूचना मिलने पर डुमरा पंचायत की मुखिया पियो हांसदा भी मौके पर पहुंचीं. उन्होंने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और अंचलाधिकारी से बातचीत कर नुकसान की जानकारी दी.
मुखिया ने पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए अंचल प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया गया है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

