रांची: राजधानी रांची में जेपीएससी- जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितता के खिलाफ चल रहा छात्र आंदोलन सोमवार को उग्र हो गया. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत हजारों की संख्या में छात्र विधानसभा घेराव के लिए सड़क पर उतरे. इस दौरान कई स्थानों पर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर छात्र आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे.


प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच कई जगहों पर नोकझोंक हुई. छात्रों की ओर से पुलिस पर कथित लाठीचार्ज का आरोप लगाया गया है. वहीं पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रित करने के लिए सांकेतिक रूप से बल प्रयोग किया गया और लाठीचार्ज नहीं किया गया. प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर छात्रों द्वारा पुलिस की ओर पत्थर फेंके जाने की भी सूचना सामने आई है.
इधर, आंदोलन के बीच राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अचानक दिल्ली पहुंचने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने की खबर सामने आई. बताया जा रहा है कि राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को झारखंड के मौजूदा घटनाक्रम और छात्र आंदोलन की स्थिति से अवगत कराया.
वहीं जेपीएससी मामले में जांच का दायरा भी लगातार बढ़ रहा है. जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष को सीआईडी ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी से पहले सीआईडी की टीम ने उनसे लगातार चार दिनों तक पूछताछ की थी. मामले में अब तक 14 लोगों की गिरफ्तारी की बात सामने आई है. वहीं जेपीएससी के तीन सदस्यों के इस्तीफा देने की भी जानकारी है.
छात्रों की मांगों और सरकार के बीच सहमति नहीं बनने के बाद आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. विधानसभा घेराव के दौरान सामने आए घटनाक्रम के बाद झारखंड में छात्र आंदोलन एक बार फिर बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दे के रूप में उभर गया है.

