चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में एनएच-75 रांची- चाईबासा मार्ग स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में गुरुवार देर रात बड़ी चोरी की वारदात हुई. अज्ञात बदमाश शोरूम में सेंध लगाकर महंगे स्मार्टफोन. आईफोन. लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर फरार हो गए. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. हालांकि चोरी गए सामान का अंतिम आकलन किया जा रहा है.



पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश शोरूम के ऊपरी हिस्से में बने वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर घुसे. इसके बाद लोहे की ग्रिल और शटर को औजारों की मदद से क्षतिग्रस्त कर शोरूम में प्रवेश किया. अंदर रखे महंगे मोबाइल फोन. आईफोन. लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान समेटकर फरार हो गए. वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि अपराधियों ने पहले से शोरूम की रेकी की थी.
शुक्रवार सुबह जब दुकान संचालक शोरूम खोलने पहुंचे तो दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और कई मोबाइल के खाली बॉक्स फर्श पर मिले. महंगे गैजेट्स गायब देख उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. बदमाश शोरूम में लगा सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए. अब पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जल्द खुलासा करने का दावा किया है.





