हजारीबाग: जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के समीप हुई इस कार्रवाई से पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा. पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक अपराधी के पैर में गोली लग गई. जबकि उसके एक साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. घायल अपराधी को पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है.



जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को देर रात सूचना मिली थी कि बाइक सवार अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में सक्रिय हैं. सूचना मिलते ही केरेडारी थाना पुलिस ने रणनीति बनाते हुए वाहन जांच अभियान शुरू किया और संभावित मार्गों पर घेराबंदी कर दी.
चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के समीप पुलिस का सामना संदिग्ध बाइक सवारों से हुआ. पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया. लेकिन बदमाश भागने लगे. इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. जवाबी फायरिंग में एक अपराधी के पैर में गोली लग गई. घायल होने के बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया. जबकि उसके दूसरे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई. पुलिस द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार अपराधियों के अन्य साथी आसपास के क्षेत्र में छिपे हैं या नहीं. साथ ही उनके आपराधिक नेटवर्क और बड़ी वारदात की साजिश से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों अपराधियों से पूछताछ शुरू कर दी है. उनके पास से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान मिलने की संभावना को लेकर भी जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





