बोकारो: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की बोकारो जिला कमेटी ने जिला मुख्यालय के समक्ष केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.



प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए.
नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभालने में विफल रही है. लगातार सामने आ रहे पेपर लीक जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
प्रदर्शन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी की और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





