चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन के विवाह समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही. इस अवसर पर खरसावां विधायक दशरथ गागराई, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू तथा समाजसेवी बासंती गागराई विशेष रूप से शामिल हुए और नवविवाहित दंपति को शुभाशीष प्रदान किया.



विवाह समारोह में दोनों विधायकों ने नवदंपति को सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं. विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि विवाह जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो दो परिवारों को आपस में जोड़ता है. उन्होंने नवदंपति के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि दोनों आपसी प्रेम, विश्वास एवं सम्मान के साथ जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करें.
वहीं विधायक सोनाराम सिंकू ने कहा कि वैवाहिक जीवन में प्रेम, सहयोग और समझदारी का विशेष महत्व होता है. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि नवदंपति का जीवन खुशियों, सुख- समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य से परिपूर्ण रहे और दोनों जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करें.
समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अतिथियों एवं शुभचिंतकों ने भी नवदंपति को शुभकामनाएं दीं. पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच संपन्न विवाह समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला. परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों एवं ग्रामीणों ने समारोह को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई.
इस अवसर पर विधायक दशरथ गागराई एवं विधायक सोनाराम सिंकू ने परिजनों से भी मुलाकात कर बधाइयां दीं. उन्होंने कहा कि विवाह जैसी सामाजिक परंपराएं समाज में पारिवारिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.





