रांची: हरमू स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर कांग्रेस के घेराव प्रदर्शन के दौरान गुरुवार को राजनीतिक माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच दोनों ओर से अंडेबाजी शुरू हो गई. घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा- तफरी की स्थिति बन गई.



जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय के घेराव के लिए पहुंचे थे. इस दौरान बैरिकेडिंग के दोनों ओर भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने- सामने खड़े होकर नारेबाजी कर रहे थे. इसी बीच दोनों पक्षों की ओर से एक- दूसरे पर अंडे फेंके जाने लगे, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया.
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिस बल ने तुरंत मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करते हुए स्थिति को शांत कराया. पुलिस ने बैरिकेडिंग के पास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी, जिससे किसी बड़े टकराव की नौबत नहीं आई. घटना के बाद कुछ समय तक प्रदर्शन स्थल पर तनाव का माहौल बना रहा. हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य कर दी गई. इससे पूर्व बुधवार को बीजेपी ने कांग्रेस कार्यालय घेराव करने का प्रयास किया था. बीजेपी राज्य में जेपीएससी मामले को लेकर कांग्रेस को घेर रही है जबकि कांग्रेस नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर है.





