सरायकेला: जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत मेन रोड पर बीती रात लगभग दो बजे आटा लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया. जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या BR 27G 5867 के चालक को झपकी आने के कारण यह घटना हुई.



बताया जा रहा है कि ट्रक पर आटे की बोरियां लदी हुई है, जिसे पटना से ओडिशा पहुंचाया जा रहा था. अचानक चालक को नींद आने से ट्रक सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़कर फंस गया.
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया. रात का समय होने के कारण ट्रक को तत्काल हटाया नहीं जा सका. सुबह ट्रक को सुरक्षित निकालने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





