गिरिडीह: शहर के भंडारीडीह इलाके में सड़क पर हुए एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. गड्ढे का पानी उछलने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया. आरोप है कि कार सवार कुछ लोगों ने परिवार के साथ मारपीट की, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और एक युवती को जबरन कार में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया. हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से युवती को सुरक्षित बचा लिया गया.



जानकारी के अनुसार, एक महिला अपने बेटे और बेटी के साथ सड़क से गुजर रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक कार गड्ढे का पानी उछालते हुए निकली, जिससे तीनों पूरी तरह भीग गए. महिला ने इसका विरोध किया तो कार सवार वाहन से उतर गए और उनके बेटे के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू कर दी.

पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब महिला और उनकी बेटी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया. इसी दौरान युवती को जबरन कार में बैठाने की कोशिश की गई. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी युवती को छोड़कर फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर सभी आरोपों की जांच की जा रही है. जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.





