जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात तड़ीपार अपराधी एवं कथित ड्रग्स तस्कर मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत उसके गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर हत्या की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन, सात जिंदा कारतूस तथा एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया है.



सिटी एसपी ललित मीणा ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 21 जुलाई को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गरीब नवाज कॉलोनी के समीप खरकई नदी पर बने रेलवे पुल के नीचे मो. खुर्शीद अपने साथियों के साथ कुख्यात अपराधी मो. निजाम की हत्या की साजिश रच रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस ने छापेमारी के दौरान रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़, मो. शहजादा, मो. इकबाल, अरसील शेख उर्फ अस्तर और मो. रिजवान उर्फ कैफ को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान मो. शहजादा के पास से एक देशी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ईदगाह मैदान के समीप से मो. फैसल उर्फ अरमान, आफताब खान उर्फ गिड्डुआ बच्चा, मो. अरबाज खान, मो. सितारे तथा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया. इसके बाद शिव घाट स्थित रिसाइक्लिंग प्लांट के पास छिपाकर रखा गया एक और देशी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए. वहीं पटनहिया मोहल्ला मैदान के किनारे से एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा भी बरामद हुआ. पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को इसी स्थान पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी.
पूछताछ में मो. खुर्शीद ने स्वीकार किया कि वह ड्रग्स तस्करी से जुड़ा रहा है और पहले मो. निजाम का सहयोगी था. पुलिस के अनुसार, ब्राउन शुगर के कारोबार में करीब 15 से 16 लाख रुपये के लेन-देन तथा निजी विवाद के कारण उसने मो. निजाम की हत्या की योजना बनाई थी. जांच में यह भी सामने आया कि खुर्शीद की अनुपस्थिति में उसकी प्रेमिका निखत परवीन उर्फ पूजा ने मो. निजाम से विवाह कर लिया था, जिससे दोनों के बीच दुश्मनी और गहरी हो गई.
वहीं मो. शहजादा ने पूछताछ में हथियारों की खरीद में सहयोग करने और निजी रंजिश के कारण गिरोह से जुड़ने की बात स्वीकार की है.
इस मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 56/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. इसके अलावा जिला बदर रहने के बावजूद जिले में प्रवेश कर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ के विरुद्ध झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (JCCA) के तहत अलग मामला भी दर्ज किया गया है.
पुलिस ने बताया कि मो. खुर्शीद के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी समेत कई संगीन मामलों में पहले से अनेक आपराधिक मामले दर्ज हैं. पूरे मामले की जांच जारी है तथा गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.





