जामताड़ा: सदर अस्पताल में प्रसूता रीना देवी की मौत के बाद हुए विवाद और तोड़फोड़ की घटना को लेकर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने बुधवार को अपने जामताड़ा स्थित आवासीय कार्यालय में प्रेस वार्ता कर भाजपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल की घटना को राजनीतिक रंग देकर जिले का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई. साथ ही उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन से बातचीत कर पूरे मामले का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने की बात कही.



फुरकान अंसारी ने बताया कि घटना के समय वह जामताड़ा में मौजूद नहीं थे और इसकी जानकारी उन्हें समाचार माध्यमों से मिली. लौटने के बाद उन्होंने मृतका रीना देवी के परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. उनके अनुसार, परिजनों ने उन्हें बताया कि अस्पताल या डॉक्टरों से उनकी कोई शिकायत नहीं है और कुछ लोग उन्हें अलग-अलग तरह से प्रभावित करने का प्रयास कर रहे थे. उन्होंने कहा कि परिवार ने केवल सच्चाई के साथ खड़े रहने की बात कही.
पूर्व सांसद ने कहा कि कम उम्र में विवाह और बार-बार गर्भधारण महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा करता है. उन्होंने बताया कि मृतका की कम उम्र में शादी हुई थी और 18 वर्ष की आयु तक तीन बार प्रसव हो चुका था. उन्होंने समाज से बाल विवाह और कम उम्र में मातृत्व जैसे मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की.
भाजपा पर निशाना साधते हुए फुरकान अंसारी ने आरोप लगाया कि पार्टी का उद्देश्य पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना नहीं, बल्कि घटना का राजनीतिक लाभ उठाना है. उन्होंने कहा कि अस्पताल में हुई तोड़फोड़, मरीजों के इलाज में बाधा और डॉक्टरों के साथ कथित दुर्व्यवहार की वह कड़ी निंदा करते हैं. विशेष रूप से महिला चिकित्सक के साथ अभद्र व्यवहार को उन्होंने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया.
उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि मामले में कुछ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. वह डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन से बातचीत करेंगे तथा यदि संभव हुआ तो आपसी सहमति से विवाद का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे, ताकि जिले में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे.
फुरकान अंसारी ने कहा, “जामताड़ा भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की धरती है. यहां नफरत की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है. जनता के मुद्दों पर आंदोलन होना चाहिए, लेकिन राजनीतिक दुर्भावना से माहौल बिगाड़ने की कोशिश नहीं होनी चाहिए.” प्रेस वार्ता में कांग्रेस के कार्यकारी जिला अध्यक्ष विजय दुबे, जिला प्रवक्ता इरशाद-उल-हक अर्शी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





