रांची: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में बुधवार को राजधानी रांची में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने जेपीएससी कार्यालय का जोरदार घेराव किया. प्रदर्शन में शामिल हजारों कार्यकर्ताओं ने आयोग कार्यालय की ओर मार्च किया. स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे.



जेपीएससी कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी. कार्यालय की सुरक्षा के लिए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि प्रदर्शनकारी आयोग परिसर में प्रवेश न कर सकें.
प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए, जब भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और जेपीएससी कार्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंच गए. इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए और सरकार तथा आयोग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.

भाजयुमो का आरोप है कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं. संगठन ने परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने, अभ्यर्थियों की शिकायतों पर कार्रवाई करने तथा सरकार से पूरे मामले पर जवाब देने की मांग की.
वहीं, प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है. पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की जा रही है. समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी है और स्थिति पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है.





