चांडिल: टाटा- पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-18) पर पश्चिम बंगाल के बलरामपुर में मंगलवार शाम एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हुआ. जहां रथ मेला देखने जा रहे झारखंड के सरायकेला- खरसावां जिले के आदरडीह निवासी एक परिवार का ऑटो तेज रफ्तार लॉरी की चपेट में आ गया. हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है.



जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच हुई. आदरडीह से परिवार के सदस्य ऑटो से बलरामपुर रथ मेला देखने जा रहे थे. इसी दौरान बलरामपुर के पास तेज रफ्तार लॉरी ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. घायलों में एक बच्चे की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
गौरतलब है कि एनएच-18 पर बलरामपुर क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है. लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





