गम्हरिया: प्रखंड के दुग्धा पंचायत अंतर्गत रामजीवनपुर गांव में सरकारी योजना से प्रस्तावित पीसीसी सड़क निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण गम्हरिया प्रखंड कार्यालय पहुंचे. ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की.



ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगभग 400 फीट लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण सरकारी योजना के तहत होना है. यह सड़क ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है. बरसात के दिनों में कीचड़ और जलजमाव के कारण स्कूली बच्चों. महिलाओं. बुजुर्गों एवं मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
ग्रामीणों का आरोप है कि 28 जून 2026 को सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के दौरान संदीप लोहार एवं कुछ लोगों ने जमीन संबंधी विवाद का हवाला देकर निर्माण कार्य रुकवा दिया. विरोध करने वालों का कहना था कि प्लॉट संख्या 499 पर सड़क का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा. इसके बाद 5 जुलाई को बैठक भी हुई. लेकिन विवाद का समाधान नहीं निकल सका.
ज्ञापन में कहा गया है कि 12 जुलाई को निर्माण सामग्री गिराए जाने के दौरान भी कुछ लोगों ने विरोध कर कार्य बाधित किया. सूचना मिलने पर गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. बाद में संबंधित पक्षों से जमीन संबंधी कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया.
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि 13 जुलाई को राजस्व अमीन की मौजूदगी में प्लॉट संख्या 499 की मापी कराई गई. इसके बावजूद कुछ लोग दोबारा विवाद उत्पन्न कर सरकारी विकास कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं. इससे गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है.
ग्रामीणों ने प्रखंड प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने. सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने तथा सरकारी विकास कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.





