सरायकेला: जिले के ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो ने शनिवार को ईचागढ़ प्रखंड के काठघोरा गांव पहुंचकर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल करने वाले होनहार छात्र पंकज टुडू को पुष्पगुच्छ, शॉल ओढ़ाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया.


इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने पंकज टुडू की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही प्रयास में नीट-यूजी 2026 उत्तीर्ण कर पूरे ईचागढ़ क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करना उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण है.
विधायक ने बताया कि पंकज टुडू ने नीट-यूजी 2026 में 720 अंकों में से 443 अंक प्राप्त किए हैं. उन्होंने कहा कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और ईमानदारी से मेहनत की जाए तो ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं.
सविता महतो ने कहा कि पंकज टुडू क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उन्हें विश्वास है कि वह भविष्य में एक सफल चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करेंगे. उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थी भी बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित होंगे.
इस अवसर पर पंकज टुडू के पिता रंजीत टुडू, माता आलोमनी देवी, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, मुखिया किशुन किस्कू, सपन आदित्यदेव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.





