चाईबासा: पुलिस ने 16 जुलाई को बोदरा चौक के पास हुई महिला से बैग छिनतई की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान न्यू कॉलोनी निवासी रवि साव एवं नीमडीह निवासी दानु कारवा के रूप में हुई है.


शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ बहामन टूटी ने बताया कि 16 जुलाई को एक महिला साइकिल से जा रही थी. इसी दौरान दोनों आरोपियों ने साइकिल में रखा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की.
उन्होंने बताया कि तकनीकी साक्ष्य, स्थानीय सूचना एवं अनुसंधान के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
एसडीपीओ ने कहा कि जिले में छिनतई, चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.





