जमशेदपुर: एलबीएसएम कॉलेज के छात्र शुक्रा हो पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में शनिवार को परसुडीह थाना परिसर में छात्रों, ग्रामीणों और विभिन्न सामाजिक संगठनों का आक्रोश फूट पड़ा. बड़ी संख्या में लोग थाना पहुंचे और मुख्य गेट पर धरना- प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर मामले में सुस्ती बरतने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा.


प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है. इससे छात्र समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल है. उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित छात्र को न्याय दिलाने की मांग की.
घायल छात्र शुक्रा हो ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे वह अस्पताल से खाना खाने के लिए निकले थे. इसी दौरान परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित दुर्गा पूजा मैदान मोड़ के पास बाइक से आए चार-पांच युवकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, लोहे की चेन और अन्य हथियारों से उनके सिर, हाथ और कमर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

शुक्रा हो ने आशंका जताई कि कुछ दिन पहले छात्रावास परिसर में एक युवक और युवती को पकड़कर पुलिस के हवाले करने की घटना का बदला लेने के उद्देश्य से उन पर हमला कराया गया. उनका कहना है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि छात्रों में सुरक्षा का विश्वास कायम हो सके. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.





