चाईबासा: जिले के सोनुआ प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार शाम भगवान जगन्नाथ की पवित्र रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उल्लास के साथ निकाली गई. शाम करीब 5 बजे बाजार क्षेत्र से शुरू हुई रथयात्रा सोनुआ प्रधान बस्ती मार्ग से होते हुए मौसीबाड़ी के लिए रवाना हुई. पूरे क्षेत्र में ‘जय जगन्नाथ’ और ‘हरि बोल’ के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा.


रथयात्रा से पूर्व भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना के बाद तीनों देव विग्रहों को पूरे विधि-विधान के साथ भव्य रथ पर विराजमान कराया गया. जैसे ही रथ आगे बढ़ा, श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ रथ की रस्सी थामकर महाप्रभु का रथ खींचा और पुण्य लाभ अर्जित किया.
इस धार्मिक आयोजन में सोनुआ एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों ने भगवान के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. पूरे मार्ग पर भजन-कीर्तन और जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा.
रथयात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरे दल-बल के साथ मुस्तैद रहा. प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए, जिसके कारण पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





