
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के रहारगोड़ा में महिला के घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में परसुडीह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है.


पुलिस के अनुसार, घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर परसुडीह थाना में मामला दर्ज किया गया. शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल छापेमारी शुरू की और कुछ ही समय में घटना में शामिल सभी आरोपियों को पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज गबरू उर्फ राजकुमार और विवेक गुप्ता उर्फ विवेक कुमार के रूप में हुई है. वहीं घटना में शामिल एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया.
पुलिस ने कहा कि महिला के घर में घुसकर मारपीट जैसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है. कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





