
सरायकेला: जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के चर्चित सुजय नंदी हत्याकांड सहित कई आपराधिक मामलों के आरोपी कृष्णा गोप को गुरुवार देर शाम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसके पैतृक आवास माझी टोला लाया गया. जहां उसने अपने दिवंगत पिता अर्जुन गोप के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन किया और अर्थी को कंधा देकर अंतिम विदाई दी.


इसके बाद पुलिस कृष्णा गोप को कड़े सुरक्षा घेरे में जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट लेकर पहुंची. जहां विधि-विधान के साथ अर्जुन गोप का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया.
पूरे कार्यक्रम के दौरान आदित्यपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रही. वहीं कृष्णा गोप के समर्थकों की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी देखी गई. हालांकि पुलिस की कड़ी निगरानी के कारण पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मार्ग और अंतिम संस्कार स्थल पर विशेष निगरानी रखी. ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो. उल्लेखनीय है कि कृष्णा के पिता का दो दिन पूर्व निधन हो गया था. कृष्णा फिलहाल रांची के होटवार जेल में विचाराधीन कैदी के रूप में बंद है.





