
धनबाद: झरिया थाना क्षेत्र स्थित कतरास मोड़ पर पुलिस गश्ती दल पर पथराव और हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. घटना 12 जुलाई की है, जब सार्वजनिक स्थान पर शराब पी रहे युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया था.


सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने प्रेसवार्ता में बताया कि सूचना मिली थी कि कतरास मोड़ स्थित लाइसेंसी अंग्रेजी शराब दुकान के बाहर कुछ युवक कार के बोनट पर बैठकर खुलेआम शराब पी रहे हैं. सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जब उन्हें सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना किया तो आरोपियों ने कथित रूप से पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी.
पुलिस के अनुसार, देखते ही देखते वहां भीड़ जुट गई और पुलिस दल पर पथराव कर दिया गया. पथराव में गश्ती वाहन क्षतिग्रस्त हो गया तथा कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.
घटना के बाद झरिया थाना कांड संख्या 150/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई. मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गठित एसआईटी ने सोनू कुमार भुईया, राजेश भुईया, आनंद गुलगुलिया, लेवलटी गुलगुलिया और विजय भुईयां को गिरफ्तार कर लिया. घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई है.
एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. उन्होंने लाइसेंसी शराब दुकानों के संचालकों से भी अपील की कि वे अपनी दुकानों के बाहर किसी को शराब पीने की अनुमति न दें. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीना कानून का उल्लंघन है और ऐसी घटनाओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





