
बोकारो: स्टील सिटी के सेक्टर-4 में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई. मंदिर परिसर से जैसे ही रथ यात्रा शुरू हुई, “जय जगन्नाथ” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा. हजारों श्रद्धालु भगवान के दर्शन और रथ खींचने के लिए उमड़ पड़े.


रथ यात्रा शुरू होने से पहले बोकारो स्टील प्लांट के डायरेक्टर इंचार्ज ने पारंपरिक छेरा पहरा की रस्म निभाई और भगवान जगन्नाथ से बोकारोवासियों की सुख-समृद्धि एवं सेल की सभी इकाइयों की निरंतर प्रगति की कामना की. उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान की कृपा से बोकारो देश की अग्रणी औद्योगिक इकाइयों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा.
डायरेक्टर इंचार्ज की पत्नी ने भगवान के निकट दर्शन को अपने जीवन का सौभाग्य बताया. वहीं जैनामोड़, सेक्टर-8 और अन्य क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि भगवान जगन्नाथ के दर्शन और रथ खींचने का अवसर उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है.
रथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शरबत एवं प्रसाद की व्यवस्था की. श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस आयोजन ने पूरे बोकारो को जगन्नाथमय बना दिया.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





