
रामगढ़: आमजनों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत करने की दिशा में रामगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन भरोसा’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. एक माह तक चलाए गए विशेष अभियान में जिले समेत रांची, हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा सहित अन्य जिलों से 125 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया.


पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों ने पिछले छह माह में दर्ज सनहा और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर अभियान चलाया. तकनीकी सहायता से गुम मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें बरामद किया गया.

बरामद मोबाइल फोन न्यू टाउन हॉल, रामगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए. लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी.
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने लोगों को सड़क सुरक्षा. नशामुक्ति. साइबर अपराध से बचाव. तथा सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइल की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने लोगों से साइबर अपराधियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की.
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने रामगढ़ पुलिस के प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया. पुलिस ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और जनविश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे.





