
चांडिल: चौका थाना क्षेत्र के खूंटी पहाड़धार स्थित नरसिंह इस्पात कंपनी के समीप जमीन विवाद को लेकर एक बुजुर्ग ग्रामीण के साथ कथित मारपीट और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है. पीड़ित पक्ष ने कंपनी प्रबंधन और उसके प्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि समाचार लिखे जाने तक कंपनी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी.


मिली जानकारी के अनुसार खूंटी गांव निवासी अतुल महतो अपनी जमीन देखने पहुंचे थे. इसी दौरान कंपनी के कुछ प्रतिनिधियों के साथ उनकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कंपनी से जुड़े लोगों ने अतुल महतो के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन उन्हें चौलीबासा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया.
पीड़ित परिवार का आरोप है कि कंपनी उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहती है और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई.
इधर, चौका थाना पुलिस ने बताया कि मामले की सूचना मिली है. दोनों पक्षों से बयान लेकर पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस ने कहा कि फिलहाल लगाए गए सभी आरोप पीड़ित पक्ष के हैं. कंपनी का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर





