
जामताड़ा: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत झारखंड विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने सोमवार को अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा किया. इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर निर्धारित प्रक्रिया पूरी कराई.


इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था सशक्त बनती है. उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरने तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं इस प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करे और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची के अद्यतन कार्य से जोड़ने के लिए प्रेरित करे.
रवींद्रनाथ महतो ने “जागरूक मतदाता. सशक्त लोकतंत्र.” का संदेश देते हुए कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है. उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





