
बोकारो: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर मंगलवार को विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया. थाना प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न चौक-चौराहों पर वाहनों की सघन जांच कर यातायात नियमों के पालन की पड़ताल की.


अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक दस्तावेज, डिक्की तथा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की गहन जांच की गई. पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को नियमों का पालन करने की चेतावनी देते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया.
जांच के दौरान दो नाबालिग बच्चों के वाहन चलाते हुए पाए जाने का मामला भी सामने आया. पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की. साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें.
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के साथ- साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. उन्होंने कहा कि इस तरह के विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि अपराधियों पर नजर रखी जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





