
जामताड़ा: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), जामताड़ा के तत्वावधान में आगामी 19 जुलाई 2026 को जिले के सभी प्रखंडों में मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा. शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है.


झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा), रांची के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस विशेष शिविर की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. डीएलएसए के सचिव ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को पत्र जारी कर समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने, विभागीय स्टॉल लगाने तथा अधिक से अधिक लाभुकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
शिविर में बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा समाज के अन्य वंचित और जरूरतमंद वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जाएगी. साथ ही उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता, सरकारी योजनाओं, मुआवजा योजनाओं और अन्य जनकल्याणकारी सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी.
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, समाज कल्याण विभाग, श्रम विभाग, शिक्षा विभाग, कौशल विकास विभाग, कृषि विभाग, जेएसएलपीएस, एसबीआई आरसेटी सहित कई विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे. इन स्टॉलों पर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभुकों का पंजीकरण कर उन्हें मौके पर ही विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी.
डीएलएसए ने सभी विभागों को शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, अधिक से अधिक पात्र लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने तथा शिविर से लाभान्वित लोगों की सूची उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है. इस आधार पर झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण को विस्तृत प्रतिवेदन भेजा जाएगा.
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कहा कि इस मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर का उद्देश्य न्याय को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति कानूनी सहायता या सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे. इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





