
सरायकेला: उपायुक्त- सह- जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के तहत आयोजित इस जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे.


जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना. प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलतापूर्वक संज्ञान लेते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि विभागीय कार्रवाई से जुड़े मामलों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
जनता दरबार में मुख्य रूप से राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने, राइट टू एजुकेशन (RTE) अधिनियम के अंतर्गत बीपीएल कोटा से निजी विद्यालयों में नामांकन, रैयती भूमि पर अतिक्रमण एवं अवैध घेराबंदी, वंशावली निर्गत करने में आ रही समस्याएं, भूमि विवाद तथा अन्य लोकहित से जुड़े मामलों की शिकायतें सामने आईं.
गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत चौड़ा पंचायत से आए आवेदकों ने ग्राम प्रधान द्वारा वंशावली अनुमोदन नहीं किए जाने की समस्या उठाई, जबकि कई लोगों ने भूमि संबंधी विवादों और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहने की शिकायत दर्ज कराई. उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि साप्ताहिक जनता दरबार आम नागरिकों और जिला प्रशासन के बीच संवाद का एक प्रभावी मंच है. इसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का पारदर्शी, त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाता है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने विशेष रूप से गंभीर प्रकृति के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा आवेदकों को कार्रवाई की प्रगति से अवगत कराने का भी निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं का समाधान कर उन्हें सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है.





