
चांडिल: कपाली नगर परिषद क्षेत्र की जर्जर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराने की दिशा में पहल तेज हो गई है. नगर परिषद के अध्यक्ष परवेज आलम उर्फ चांद ने सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल स्थित विद्युत विभाग के महाप्रबंधक (जीएम) से मुलाकात कर कपाली के विभिन्न वार्डों में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा. उन्होंने क्षेत्र में जर्जर बिजली लाइनों, कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों और असुरक्षित विद्युत व्यवस्था के कारण लोगों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की.


अध्यक्ष परवेज आलम ने बताया कि कपाली के कई वार्डों में आज भी बिजली के तार बांस- बल्ली के सहारे घरों तक पहुंचाए गए हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं. उन्होंने ऐसे सभी स्थानों का सर्वे कर जर्जर तारों को बदलने, नए विद्युत पोल लगाने तथा सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की.
उन्होंने यह भी कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी और बिजली की खपत के कारण कई इलाकों में लगे 100 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर पर्याप्त नहीं रह गए हैं. इससे बार- बार फ्यूज उड़ने, लो-वोल्टेज और लगातार बिजली बाधित होने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं. इन समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने सभी आवश्यक स्थानों पर 200 केवीए क्षमता के नए ट्रांसफार्मर लगाने का अनुरोध किया.
महाप्रबंधक ने अध्यक्ष की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए बताया कि जिन क्षेत्रों में 100 केवीए ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड है, वहां 200 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने के लिए आवंटन स्वीकृत कर दिया गया है. इसके साथ ही जर्जर बिजली तारों को चरणबद्ध तरीके से बदलने और पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.
मुलाकात के बाद अध्यक्ष परवेज आलम उर्फ चांद ने कहा कि कपाली की जनता को सुरक्षित, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने विश्वास जताया कि विभाग जल्द कार्य शुरू करेगा, जिससे लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और जर्जर बिजली लाइनों जैसी समस्याओं से लोगों को राहत मिलेगी.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





