
जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र के शिव घाट रोड स्थित विंध्यवासिनी मंदिर के समीप प्रस्तावित सरकारी शराब दुकान के विरोध में सोमवार रात स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया. बस्तीवासियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर शराब दुकान को तत्काल निरस्त करने की मांग की.


प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रस्तावित दुकान घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में है, जहां बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं. दुकान के करीब विंध्यवासिनी मंदिर, सेंट जॉन इंग्लिश हाई स्कूल और कई ट्यूशन सेंटर संचालित हैं, जिससे प्रतिदिन बच्चों और महिलाओं का आवागमन रहता है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकान खुलने से क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित होगा, नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा तथा महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर भी असर पड़ेगा. उन्होंने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए दुकान को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की. बस्तीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





