
सरायकेला: जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी मंगलवार को आयडा (AIADA) कैम्प कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में आम लोगों से सीधे संवाद करेंगे. जिला पुलिस मुख्यालय के निर्देश के आलोक में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में सुबह 11:00 बजे से पुलिस अधीक्षक आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और उनके त्वरित एवं विधिसम्मत समाधान का प्रयास करेंगे.


जनता दरबार में जिले के किसी भी थाना क्षेत्र से संबंधित शिकायत, लंबित मामलों, भूमि विवाद, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, पुलिस कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था एवं अन्य पुलिस संबंधी समस्याओं को लेकर लोग सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी बात रख सकेंगे. प्राप्त शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के निर्देश भी दिए जाएंगे.
जिला पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिन लोगों को पुलिस से संबंधित किसी प्रकार की समस्या या शिकायत है, वे निर्धारित समय पर आयडा कैम्प कार्यालय पहुंचकर अपनी बात सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखें, ताकि उनकी समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके.





