
लातेहार: पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने भाकपा (माओवादी) के 15 लाख रुपये के इनामी और मोस्ट वॉन्टेड नक्सली रविंद्र गंझू को गिरफ्तार कर लिया है. वह लंबे समय से फरार चल रहा था और हत्या, आगजनी, फायरिंग, रंगदारी समेत कई गंभीर मामलों में वांछित था.


पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रविंद्र गंझू अपने गांव के आसपास देखा गया है. सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर संगठन के नेटवर्क, अन्य फरार नक्सलियों और कई लंबित मामलों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है.
रविंद्र गंझू पर 22 नवंबर 2019 को चंदवा थाना क्षेत्र के लुकईया मोड़ के पास पीसीआर वैन पर हुए माओवादी हमले का भी आरोप है. इस हमले में चार पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी गई थी, जबकि नक्सली पुलिस के हथियार भी लूटकर फरार हो गए थे. यह घटना लातेहार जिले की सबसे चर्चित नक्सली वारदातों में से एक मानी जाती है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रविंद्र गंझू की गिरफ्तारी नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी उपलब्धि है. आने वाले दिनों में उससे मिली जानकारी के आधार पर संगठन के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज की जाएगी.





