
जमशेदपुर: शहर के साकची स्थित होटल गंगा रीजेंसी में सोमवार को ब्रजवंदना फाउंडेशन, विभिन्न व्यापारिक संगठनों एवं सामाजिक संगठनों की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की गोलमुरी शाखा के कुछ अधिकारियों पर कथित भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी, प्रशासनिक उत्पीड़न और नियमों के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए गए. शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि निष्पक्ष जांच से सच्चाई सामने आ जाएगी.


प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए ब्रजवंदना फाउंडेशन के अध्यक्ष भास्कर कुमार ने कहा कि उनके और उनके परिवार पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं. उन्होंने दावा किया कि उनके परिवार द्वारा प्राप्त सभी ईएसआईसी लाभ नियमानुसार और वैधानिक प्रक्रिया के तहत लिए गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने वालों को बदनाम करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि किसी भी निष्पक्ष जांच का वे स्वागत करेंगे और उन्हें न्यायपालिका व जांच एजेंसियों पर पूरा भरोसा है.
प्रेस वार्ता में मौजूद व्यापारिक संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी आरोप लगाया कि ईएसआईसी के कुछ अधिकारी (सचित कुमार- पूर्व शाखा प्रबंधक, ईएसआईसी शाखा कार्यालय, गोलमुरी, जमशेदपुर, एवं रवि शंकर (सोशल सिक्योरिटी ऑफिसर, ईएसआईसी) अपने पद का दुरुपयोग कर लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे हैं. उनका कहना था कि कई मामलों में पारदर्शिता की कमी के कारण आम लोगों और संस्थानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि पूरे मामले की शिकायत ईएसआईसी मुख्यालय, केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी), प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) सहित विभिन्न संबंधित संस्थाओं को भेजी जा चुकी है. उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की. साथ ही शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा और जांच प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की भी अपील की.
प्रेस वार्ता के अंत में वक्ताओं ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सुनिश्चित करना है. उन्होंने संबंधित एजेंसियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सत्य सामने लाने की मांग की.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





