
सरायकेला: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल और पारदर्शी संचालन को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए-1 के साथ बैठक हुई.


उपायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो तथा अपात्र और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.

बैठक में बताया गया कि 14 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक होगी. इस दौरान ASDD (Absent, Shifted, Dead and Duplicate) सूची का सत्यापन कर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टियों की पहचान की जाएगी. उपायुक्त ने बीएलए-1 से अपने-अपने बीएलए-2 के माध्यम से बीएलओ के साथ बेहतर समन्वय बनाकर पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण की कार्ययोजना, मतदान केंद्रवार सत्यापन, दावों एवं आपत्तियों के निष्पादन और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई.





