
सरायकेला: ऐतिहासिक श्रीजगन्नाथ रथ मेला इस वर्ष श्रद्धा, आस्था और आधुनिक व्यवस्थाओं के अनूठे संगम के रूप में नजर आएगा. पहली बार मौसीबाड़ी परिसर में भव्य देव सभा का आयोजन किया जा रहा है, जहां भगवान श्रीकृष्ण के विराट विश्वरूप, समुद्र मंथन और भगवान विष्णु की अनंत शैया जैसी दिव्य झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होंगी. इन झांकियों के माध्यम से सनातन संस्कृति और पौराणिक प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा.


सोमवार को नगर पंचायत अध्यक्ष एवं मेला समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने मौसीबाड़ी परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने बताया कि इस बार मेले को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पूरे मौसीबाड़ी परिसर को सीमेंट-कंक्रीट से समतल कर दिया गया है. इससे बारिश के दौरान भी कीचड़ और जलजमाव की समस्या नहीं होगी तथा दर्शन के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
मेला समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि इस वर्ष रथ मेला अपनी भव्य झांकियों, बेहतर व्यवस्थाओं और सांस्कृतिक वैभव के कारण पहले से अधिक आकर्षक होगा. उन्होंने कहा कि मेला समिति और नगर पंचायत श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु आस्था और दिव्यता का अविस्मरणीय अनुभव लेकर लौटें.
प्रमोद सिंह (संपादक)





