
जमशेदपुर: आज़ादनगर थाना परिसर में सोमवार को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दयानंद कुमार की अध्यक्षता में कम्युनिटी पुलिसिंग की बैठक आयोजित की गई. बैठक में आज़ादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार, थाना के पुलिस पदाधिकारी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न मोहल्लों के बुद्धिजीवी शामिल हुए.


बैठक का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करना, क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना था.
बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नशाखोरी पर रोक, साइबर अपराध से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
डीएसपी दयानंद कुमार ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच मजबूत विश्वास ही सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने कहा कि कम्युनिटी पुलिसिंग का उद्देश्य लोगों को पुलिस का सहयोगी बनाना है, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना समय पर मिल सके और उस पर त्वरित कार्रवाई की जा सके.
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की.
थाना प्रभारी चंदन कुमार ने कहा कि आज़ादनगर थाना पुलिस क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, नशे के कारोबार, असामाजिक तत्वों की मौजूदगी अथवा अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी बिना किसी भय के पुलिस को दें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक सूचना पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
बैठक में उपस्थित गणमान्य लोगों ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, यातायात व्यवस्था, मोहल्लों की सुरक्षा, युवाओं में बढ़ती नशाखोरी तथा अन्य सामाजिक मुद्दों को पुलिस के समक्ष रखा. पुलिस अधिकारियों ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
बैठक के अंत में पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने, समय-समय पर इस प्रकार की बैठकें आयोजित करने तथा क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक





