
खूंटी: विश्व हिंदू परिषद- बजरंग दल, जिला इकाई की ओर से सेवा सप्ताह के तहत 2000+ पौधारोपण अभियान का शुभारंभ जिला सह संयोजक कर्मवीर महतो के नेतृत्व में किया गया. अभियान के पहले चरण में विश्व जागृति मिशन आदिवासी पब्लिक स्कूल, कुंजला सहित विभिन्न स्थानों पर 250 से अधिक पौधे लगाए गए.


इसके अलावा सोसोटोली में 20 तथा कर्रा प्रखंड के कुडलुम में भी 20 पौधों का रोपण किया गया. संगठन ने पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से 2000 से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सह संयोजक कर्मवीर महतो ने कहा कि पौधारोपण केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, समाज और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है. उन्होंने सभी युवाओं और नागरिकों से “एक व्यक्ति- एक पौधा” लगाने तथा उसके संरक्षण का भी आह्वान किया.
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला कोषाध्यक्ष प्रवीण जायसवाल ने भारतीय संस्कृति में वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. वहीं कर्रा प्रखंड गौ रक्षा प्रमुख पवन सिंह राठौर ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की.
कार्यक्रम में अभिषेक साहू, श्रीकांत कश्यप, पवन सिंह राठौर, ओम ठाकुर, मनोरंजन स्वांसी सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.





