
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने खनिज तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बहरागोड़ा बस स्टैंड के समीप छापेमारी कर 1.095 किलोग्राम (1095 ग्राम) पन्ना के साथ तीन अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद पन्ना की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी जा रही है. पुलिस को इस कार्रवाई से एक बड़े तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश होने की उम्मीद है.


ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बहरागोड़ा बस स्टैंड के आसपास बड़ी मात्रा में पन्ना की खरीद-बिक्री होने वाली है. सूचना के आधार पर घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई.
छापेमारी के दौरान दो अलग- अलग दोपहिया वाहनों पर पहुंचे तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे. पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों को दबोच लिया. तलाशी के दौरान एक यामाहा स्कूटी की डिक्की से प्लास्टिक में पैक 1.095 किलोग्राम पन्ना बरामद किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय पातर (50), सिद्धेश्वर कालिन्दी (45), दोनों निवासी मुराकाटी, थाना गुड़ाबांदा तथा स्नेहाशिष मंगराज (44), निवासी खांड़देवली, थाना श्यामसुंदरपुर के रूप में हुई है. पुलिस ने उनके कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, झारखंड और ओडिशा नंबर की दो मोटरसाइकिल तथा 2300 रुपये नकद भी जब्त किए हैं.
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. अब यह जांच की जा रही है कि बरामद पन्ना कहां से लाया गया था, इसकी सप्लाई किसे की जानी थी और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं. पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





