
जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र से लापता हुए छह वर्षीय आयुष उड़िया को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया. बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और आजादनगर थाना पुलिस का आभार व्यक्त किया.


जानकारी के अनुसार. जेकेएस कॉलेज के समीप रहने वाली गुड़िया ने अपने छह वर्षीय पुत्र आयुष उड़िया के लापता होने की सूचना आजादनगर थाना में दी थी. आवेदन मिलते ही थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस हरकत में आ गई और बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई.
पुलिस ने आसपास के इलाकों में सघन खोजबीन की. साथ ही उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर लगातार अभियान चलाया. इसी दौरान सूचना मिली कि बच्चा सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र में मौजूद है. सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आयुष को सकुशल बरामद कर लिया.
बरामदगी के बाद बच्चे को सुरक्षित आजादनगर थाना लाया गया. आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. बच्चे के सकुशल घर लौटने से परिवार में खुशी का माहौल है.
थाना प्रभारी चंदन कुमार ने कहा कि किसी भी बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करती है. उन्होंने अभिभावकों से छोटे बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील की. साथ ही कहा कि किसी भी संदिग्ध परिस्थिति या बच्चे के गुम होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें. ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





